लखनऊ। साइबर अपराधी आए दिन लोगों को ठगने के नए-नए पैंतरे ढूंढ रहे हैं। कभी नौकरी के नाम पर तो कभी बिज़नेस के लिए लोन के नाम पर लोगों को चूना लगा रहे हैं। प्रशासन के लाख सतर्कता के बावजूद इन मामलों में कमी नहीं आ रही है।


ताजा मामला नोएडा का है। जहां एक व्यापारी को 10 करोड़ का लोन देने के नाम पर साइबर ठगों ने 65 लाख रुपए की ठगी कर ली। यह ठगी इलेक्ट्रिकल प्रोडक्ट बनाने वाली एक कंपनी के डायरेक्टर संदीप कुमार के साथ हुई। पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने कोर्ट में अर्जी दी, जिसके बाद अदालत के आदेश पर एक्सप्रेसवे थाने में सुजीत कुमार सिसोदिया और उनकी पत्नी नेहा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।


कैसे हुआ धोखाधड़ी का शिकार?


संदीप कुमार के अनुसार, 2023 में उन्हें अपने बिजनेस के विस्तार के लिए फंड की जरूरत थी। इसी दौरान उनकी मुलाकात सुजीत कुमार सिसोदिया से हुई, जिसने खुद को एग्रो कैपिटल एलआईसी से जुड़ा बताया। उसने बैंक से अच्छे कनेक्शन होने का दावा किया और 10 करोड़ रुपये तक का लोन दिलाने की बात कही। लोन प्रक्रिया शुरू करने के लिए कमीशन के रूप में पहले कुछ रकम मांगी गई।


फर्जी दस्तावेजों के जरिए ठगी


कुछ समय बाद सुजीत ने फाइनेंस कंपनी के नाम से एक फर्जी अप्रूवल लेटर संदीप को दिया, जिसमें लोन पास होने की जानकारी दी गई थी। इसके बाद आरोपी ने अलग-अलग बैंक खातों में कई बार पैसे ट्रांसफर करवाए। कुल 65 लाख रुपये देने के बाद भी जब लोन नहीं मिला, तो संदीप को शक हुआ।


सच सामने आने पर मिली जान से मारने की धमकी


जब संदीप ने उस लेटर को फाइनेंस कंपनी से वेरिफाई करवाया, तो वह फर्जी निकला। इसके बाद जब संदीप ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी।


कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने दर्ज किया केस


पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद संदीप कुमार ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। अदालत के आदेश पर शुक्रवार को एक्सप्रेसवे थाने में सुजीत और उसकी पत्नी नेहा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है।

 


क्या कहते हैं साइबर एक्सपर्ट?


साइबर एक्सपर्ट मृत्युंजय सिंह का कहना है कि ऐसा कई बार हुआ है कि लोन दिलाने के नाम पर अपराधियों ने खाते से पैसा उड़ा दिया है। आज के समय में जब किसी को बैंकों के चक्कर लगाकर भी लोन नहीं मिल पा रहा है, ऐसे में ऑनलाइन कैसे कोई लोन इतनी आसानी से देगा, यह बड़ी बात है। ऐसे में सतर्क रहकर ही इस तरह के फ्रॉड से बचा जा सकता है। 


लोन धोखाधड़ी से बचने के लिए रखें इन बातों का ध्यान


लोन के नाम पर ठगी के बढ़ते मामलों को देखते हुए इन सावधानियों को अपनाकर आप ठगी से बच सकते हैं:


1. नियमित रूप से अपनी क्रेडिट रिपोर्ट चेक करें


समय-समय पर अपनी क्रेडिट रिपोर्ट की जांच करें ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि आपके नाम पर कोई अनधिकृत लोन तो नहीं लिया गया।


2. अपनी व्यक्तिगत जानकारी गोपनीय रखें


किसी को भी पासवर्ड, पिन, ओटीपी, क्रेडिट कार्ड डिटेल्स और अन्य संवेदनशील जानकारी न दें।

 

3. केवल विश्वसनीय संस्थानों से लोन लें


लोन के लिए केवल आरबीआई से मान्यता प्राप्त बैंक और फाइनेंस कंपनियों से संपर्क करें।


4. संदिग्ध ईमेल और लिंक पर क्लिक न करें


किसी भी अनजान ईमेल, मैसेज या लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी प्रमाणिकता की जांच करें।


5. सस्ते लोन के झांसे में न आएं


"बिना डॉक्यूमेंटेशन के लोन" या "कम ब्याज दर पर तुरंत लोन" जैसी स्कीम्स से सावधान रहें।


6. लोन की शर्तों को अच्छी तरह समझें


लोन लेने से पहले सभी नियम और शर्तों को ध्यान से पढ़ें। किसी भी संदेह की स्थिति में फाइनेंस कंपनी से सीधा संपर्क करें।


7. फर्जी लोन ऐप्स से बचें


सिर्फ आरबीआई द्वारा मान्यता प्राप्त मोबाइल ऐप्स का ही उपयोग करें। गूगल प्ले स्टोर और ऐपल ऐप स्टोर पर रेटिंग और रिव्यू देखें।