देश के कई हिस्सों में साइबर ठगों का जाल तेजी से फ़ैल रहा है। साइबर ठग आए दिन लोगों को फांसने के तरीके अपना रहे हैं। एक ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, देश में हर 10 में 8 व्यक्ति किसी न किसी तरीके से साइबर ठगी का शिकार हो रहा है। अपराधी पलक झपकते ही लोगों के खाते से पैसे उड़ा दे रहे हैं।
सबसे बड़ी बात है कि लोग अपनी बर्बादी का जश्न अपनी आँखों से देखते हुए भी कुछ नहीं कर पा रहे हैं। सूत्रों की मानें तो साइबर अपराधियों ने देश के हर जिलों में स्लीपर सेल एक्टिव करके रखे हैं। जो लोगों की एक्टिविटी की पूरी जानकारी ठगों को देते हैं और देखते ही देखते लोग बड़े फ्रॉड का शिकार हो जाते हैं। साइबर ठग सोशल मीडिया के जरिए ‘खलिहर’ युवाओं को अपना निशाना बनाते हैं और उन्हें स्लीपर सेल के तौर पर एक्टिव करते हैं।
सूत्रों के मुताबिक, इन स्लीपर सेल का काम आम इंसान की ज़रूरतों की जानकारी साइबर फ्रॉड को देना होता है, जिसके बाद अपराधियों को वारदात को अंजाम देना आसान हो जाते हैं। अपराधी जानकारी मिलने के बाद पहले तय करते हैं कि उक्त व्यक्ति को कैसे फांसना है उसके बाद फिर तरीके से उन्हें कॉल करके ‘डिजिटल अरेस्ट’ में फंसाते हैं।

सबसे चिंताजनक बात यह है कि यह ठग दूर कहीं बैठकर 'वर्चुअल कॉल' के ज़रिए भारतीय नागरिकों को डिजिटल रूप से 'अरेस्ट' कर उनके साथ करोड़ों की ठगी कर रहे हैं। सूत्रों की मानें तो भारत में इनका गिरोह अधिकतर नक्सल इलाकों जैसे छत्तीसगढ़, पंजाब और पश्चिम बंगाल में ज्यादा एक्टिव है। लेकिन पिछले कुछ दिनों में पुलिस की जांच पड़ताल में दिल्ली और नोएडा जैसे भीड़-भाड़ वाले लोकेशन मिले हैं। यूपी के लखनऊ में बीते आठ दिनों में लखनऊ के तीन नागरिक इस साइबर गिरोह का शिकार बन चुके हैं और इनसे कुल 1.26 करोड़ रुपये हड़प लिए गए हैं।
इस हाईटेक ठगी में साइबर अपराधी पीड़ितों को वर्चुअल वीडियो कॉल के माध्यम से यह विश्वास दिलाते हैं कि वे किसी जांच एजेंसी या पुलिस विभाग से हैं। वे पीड़ित को किसी गंभीर अपराध में फंसाने की बात कहकर उन्हें मानसिक रूप से दबाव में लेते हैं और कहते हैं कि उन्हें 'डिजिटल अरेस्ट' किया जा रहा है। पीड़ित को आदेश दिया जाता है कि वह कहीं बाहर न जाए और कैमरे के सामने ही बना रहे। इसी डर और धमकी के माहौल में उनसे भारी-भरकम रकम ट्रांसफर करवा ली जाती है।
तीन मामले, एक जैसी साजिश
10 से 18 अप्रैल के बीच लखनऊ में तीन हाई-प्रोफाइल ठगी के मामले सामने आए हैं। पहला मामला गोमतीनगर के एक डॉक्टर का है, जिनसे 10 अप्रैल को 95 लाख रुपये की ठगी की गई। दूसरा मामला 12 अप्रैल का है, जब इंदिरानगर की एक योग प्रशिक्षिका से 8 लाख रुपये ऐंठे गए। तीसरा केस 18 अप्रैल का है, जिसमें एचएएल के एक कर्मचारी से 18 लाख रुपये वसूले गए। पुलिस की साइबर जांच में यह बात सामने आई कि इन सभी घटनाओं में एक ही तरीके से वारदात की गई। यानी पहले वीडियो कॉल कर डराया गया, फिर 'डिजिटल अरेस्ट' के नाम पर उन्हें घर में कैद रखने की धमकी दी गई और आखिरकार पैसे ट्रांसफर करने को मजबूर किया गया।

वर्चुअल कॉल बना मुख्य हथियार
इन घटनाओं में ठगों ने 'वर्चुअल कॉल' को मुख्य टूल की तरह इस्तेमाल किया। इन कॉल्स की खासियत यह होती है कि इनका लोकेशन ट्रेस करना बेहद मुश्किल होता है, क्योंकि ये कॉल्स इंटरनेट के ज़रिए किए जाते हैं और किसी भी देश से आ सकते हैं। साइबर थाने और एसटीएफ की टीमों ने जब इन नंबरों की शुरुआती छानबीन की, तो पाया कि ये कॉल अलग-अलग देशों से किए गए थे। हालांकि ओरिजिनल देश की पहचान हो गई है, लेकिन कॉल करने वाले की सटीक लोकेशन और पहचान नहीं हो पा रही है क्योंकि ठग लगातार अपने स्थान बदल रहे हैं।
एसटीएफ भी सक्रिय, लेकिन पकड़ अभी दूर
इन मामलों की गंभीरता को देखते हुए जिलों में साइबर थाना, साइबर क्राइम सेल और अब एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) की साइबर विंग भी कार्रवाई में जुट चुकी है। एसटीएफ की सर्विलांस टीम डिजिटल कॉल्स के पीछे के नेटवर्क को डिकोड करने के प्रयास में लगी हुई है। एसटीएफ के एक अधिकारी के अनुसार, पीड़ितों से मिले कॉल डेटा और बातचीत के विश्लेषण के आधार पर कुछ स्थानीय नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। बीते दिनों पीजीआई की एक डॉक्टर से जुड़े डिजिटल अरेस्ट के मामले में एक लोकल गैंग को गिरफ्तार भी किया गया था, जिससे पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं।
डिजिटल अरेस्ट का तरीका
इस तरह की ठगी में साइबर अपराधी खुद को पुलिस अधिकारी या जांच एजेंसी का सदस्य बताकर पीड़ित को वीडियो कॉल करते हैं। वे झूठा आरोप लगाते हैं कि पीड़ित का नाम मनी लॉन्ड्रिंग या किसी अन्य अपराध में आ गया है। उन्हें धमकी दी जाती है कि या तो वे कैमरे के सामने बने रहें और पूछताछ में सहयोग करें, या फिर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। कई बार पीड़ित को यह भी कहा जाता है कि उनके घर के बाहर plainclothes में पुलिस खड़ी है और जैसे ही वे बाहर निकलेंगे, उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस मनोवैज्ञानिक दबाव में पीड़ित घबरा जाते हैं और डर के मारे साइबर अपराधियों के कहे अनुसार बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर कर देते हैं।

कैसे बचें इस डिजिटल जाल से?
साइबर एक्सपर्ट मृत्युंजय सिंह बताते हैं कि इस तरह की ठगी से बचने का सबसे सरल तरीका यह है कि अज्ञात अंतरराष्ट्रीय नंबरों से आई कॉल को नजरअंदाज किया जाए। यदि किसी नंबर की शुरुआत +91 से होती है, तो वह भारत का नंबर होता है, लेकिन अन्य कोड वाले नंबर, खासकर जो अजीब और अनजान प्रतीत हों, वे वर्चुअल कॉल हो सकते हैं। ऐसे कॉल्स को रिसीव न करना ही सबसे सुरक्षित तरीका है। इसके अलावा, किसी भी सरकारी एजेंसी की जांच यदि होती है तो वह कभी भी फोन पर पैसे मांगने की प्रक्रिया नहीं अपनाती। इसके अलावा अपने जान पहचान वालों से भी अपनी प्राइवेसी कभी शेयर न करें।
वाराणसी के साइबर थाने के एक्सपर्ट श्याम लाल गुप्ता का कहना है कि साइबर अपराध कभी भी किसी के भी साथ हो सकता है। इससे बचने के लिए सबसे बड़ा हथियार जागरूकता ही है। आप इसके बारे में जितना अधिक जानेंगे उतना ही आप इससे बचे रहेंगे।
शीर्ष 4 साइबर अपराध की शिकायत वाले राज्य
राजस्थान - 77,769
गुजरात - 1,21,701
महाराष्ट्र - 1,25,153
उत्तर प्रदेश - 1,97,546
Comments (0)