वाराणसी। ज्ञानवापी के तहखाने की छत पर नमाजियों की आवाजाही रोकने की हिंदू पक्ष की याचिका को कोर्ट ने खारिज कर दिया है। साथ ही, तहखाने की छत की मरम्मत के लिए की गई मांग को भी अस्वीकार कर दिया गया। हालांकि, कोर्ट ने तहखाने में पूजा-पाठ जारी रखने का आदेश दिया है। सिविल जज सीनियर डिवीजन हितेश अग्रवाल ने इस मामले पर अपना निर्णय सुनाया।


हिंदू पक्ष ने यह तर्क दिया था कि ज्ञानवापी के व्यासजी के तहखाने की छत कमजोर हो गई है और उस पर मुस्लिमों की चहलकदमी से छत को खतरा हो सकता है, इसलिए नमाजियों को छत पर जाने से रोका जाए। कोर्ट द्वारा इस याचिका को खारिज किए जाने के बाद, अब इसे जिला कोर्ट में प्रस्तुत किया जाएगा। वर्तमान में, ज्ञानवापी की छत पर नमाज पढ़ी जा रही है और तहखाने में पूजा-अर्चना की जा रही है।


यह याचिका 16 दिसंबर 2023 को नंदीजी महाराज विराजमान की ओर से लखनऊ जन उद्घोष सेवा संस्था के सदस्यों आकांक्षा तिवारी, दीपक प्रकाश शुक्ला, अमित कुमार और सुविद प्रवीण द्वारा दाखिल की गई थी।

 


हिंदू पक्ष बोला – पुराना होने से छत हो चुकी कमजोर


हिंदू पक्ष ने दावा किया था कि व्यास तहखाना बहुत पुराना है और उसकी छत कमजोर हो चुकी है। छत से पानी टपकता है और पिलर भी कमजोर हैं। उनका मानना है कि नमाजियों की आवाजाही से छत को और अधिक नुकसान हो सकता है। इस कारण उन्होंने छत की मरम्मत कराने और नमाजियों की आवाजाही रोकने की मांग की थी।


मुस्लिम पक्ष बोला – छत काफी मजबूत


मुस्लिम पक्ष ने याचिका का विरोध करते हुए कहा कि छत इतनी कमजोर नहीं है कि किसी के वहां जाने से उसे नुकसान हो। उनका तर्क था कि मुस्लिम समुदाय वर्षों से वहां नमाज अदा करता आ रहा है और जितनी क्षमता है, उतने ही लोग वहां नमाज पढ़ते हैं। मुस्लिम पक्ष का कहना था कि नमाजियों का अनावश्यक रूप से छत पर घूमना या जूते-चप्पल पहनकर मस्जिद या तहखाने के आसपास जाना नहीं होता।

 


31 वर्ष बाद खुला तहखाना


31 जनवरी 2024 को वाराणसी कोर्ट के आदेश पर व्यास तहखाने का ताला 31 साल बाद खोला गया। वहां मूर्तियों की पूजा-अर्चना की गई और धार्मिक चिह्नों का पूजन भी किया गया। पारंपरिक पुजारी परिवार ने इस तहखाने में पूजा की अनुमति के लिए याचिका दाखिल की थी, जिसे कोर्ट ने मंजूरी दे दी थी।