कानपुर में एक चौंकाने वाला ठगी का मामला सामने आया है, जहां एक कपल ने 'युवा दिखने की चाहत' को अपना धंधा बना लिया। राजीव दुबे और रश्मि दुबे ने 'रिवाइवल वर्ल्ड' नामक क्लिनिक खोला, जहां इजरायली टाइम मशीन के जरिए लोगों को 25 साल का युवा बनाने का झांसा दिया। इस फर्जीवाड़े के जरिए उन्होंने दर्जनों लोगों से लगभग 35 करोड़ रुपये ठग लिए।

 


'टाइम मशीन' से युवावस्था जवान होने की कोशिश में लगी करोड़ों की चपत


इस ठगी में लोगों को ऑक्सीजन थेरेपी के नाम पर फंसाया गया, जो उम्र घटाने का दावा करती थी। सबसे बड़ी बात कि इस फर्जीवाड़े में शिक्षित लोग भी फंसते गए। एक महिला डॉक्टर भी इस धोखाधड़ी का शिकार हो गई। पीड़ितों की शिकायत के बाद यह मामला सामने आया। लोगों ने बताया कि उन्हें एक भारतीय मशीन से ऑक्सीजन थेरेपी दी गई, जिसे इजरायली मशीन बताया गया था। एक पीड़ित महिला, रजनी बाली ने बताया कि उनसे कहा गया कि 'टाइम मशीन' से उनके सेल्स को फिर से एक्टिव किया जाएगा, जिससे उनकी उम्र कम दिखाई देगी। उन्होंने इसके लिए 2 लाख रुपये का भुगतान किया, लेकिन कोई असर नहीं हुआ।

 


इसके अलावा, एक 46 वर्षीय व्यक्ति, सपन ने बताया कि उनके शरीर के क्षतिग्रस्त सेल्स को दोबारा नया बनाने का दावा किया गया था, जिसके लिए उन्होंने 60 हजार रुपये दिए थे। ठगों ने शुरुआत में 6 हजार रुपये का पैकेज देकर लोगों को फंसाया और बाद में कहा कि इसकी कीमत लाखों में पहुंच जाएगी। इस लालच में कई लोगों ने एडवांस बुकिंग कर ली, जिससे ठगी का यह जाल बढ़ता गया। अब इस ठगी के खुलासे के बाद कई पीड़ित न्याय की मांग कर रहे हैं।