देश के स्वतंत्रता संग्राम में आर्य समाजियों की भी प्रमुख भूमिका रही है। स्वतंत्रता के आंदोलन में आर्य समाज के वीरों ने भी अपने प्राणों की आहुति दी थी। राष्ट्रीय के लिए जाट-पाठ के झांझरा को मिटा कर एक धर्म एक भाषा और एक समान वेशभूषा तथा खान-पान का प्रचार किया।

 

आर्य समाज के लोगों की मानें तो एक ओर 80% जमीनी बलिदानी और दूसरी तरफ केवल 20% भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस और ऑल इंडिया मुस्लिम लीग की मिलीभगत ! भारतीय इतिहास पर अगर गौर करें, तो आधुनिक इतिहास की सारी गाथाएं मोहनदास करमचंद गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू, मोहम्मद अली जिन्ना जैसे नेताओं के इर्द गिर्द ही घूमती रहती हैं और वही पढ़ी तथा सुनाई जाती हैं। 

 

 

इतिहास को तोड़ मरोड़ कर प्रस्तुत करने वाले चंद इतिहासकारों ने आर्य समाजियों के बलिदान को जो भुलाने का पाप किया है, वह अक्षम्य है। लेकिन इस बीच आर्य समाज से जुड़े इतिहासकारों ने भी अपने प्रयासों द्वारा सच को प्रस्तुत करने का प्रयास भी किया है। आधुनिक इतिहास में आर्य समाज के योगदान के बारे में कुछ नहीं बताया गया, बल्कि इसका उल्टा उन्हें यही पढ़ाया और बताया जाता है कि भारत को आजादी केवल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी ने ही दिलाई। 

 

जबकि यह तथ्य सच्चाई से कोसों दूर है। बच्चों को इस तरह का पाठ पढ़ाना अनैतिक होने के साथ-साथ उन्हें भ्रमित करना भी है। धनबाद निवासी राजार्य सभा के प्रदेश अध्यक्ष हरहर आर्य का कहना है कि दासता के कारण भारतवासी अपने प्राचीन गौरव को भूल गये थे। इसलिए महर्षि दयानंद ने उनके प्राचीन गौरव और वैभव का वास्तविक दर्शन करवाया। 1857 के पश्चात के क्रांतिकारियों पर महर्षि दयानंद सरस्वती का अत्यंत प्रभाव था। क्रांतिकारी विनायक दामोदर सावरकर, लाला हरदयाल, भाई परमानंद, सेनापति बापट, मदनलाल धींगरा इत्यादि जैसे शिष्यों ने स्वाधीनता आंदोलन में कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। इंग्लैंड में भारत की स्वतंत्रता के लिए जितने प्रयास हुए वह श्याम जी कृष्ण वर्मा के इंडिया हाउस से हुए। अमेरिका में भारत की स्वाधीनता के लिए जो प्रयास हुए, वे भाई परमानंद के समर्पण और सहयोग का फल है। डीएवी कालेज लाहौर में इतिहास और राजनीति के प्रो जयचंद्र विद्यालंकार पंजाब के क्रांतिकारियों के मार्गदर्शक रहे हैं।

 

प्रसिद्ध क्रांतिकारी सरदार भगत सिंह के दादा सरदार अर्जुन सिंह विशुद्ध आर्य समाजी थे और इनके पिता किशन सिंह भी आर्य समाजी थे। भगत सिंह के विचारों पर भी आर्य समाज के संस्कारों की छाप स्पष्ट दिखाई पड़ती है। सांडर्स को मारकर भगत सिंह आदि पहले तो लाहौर के डीएवी कालेज में ठहरे, फिर योजनाबद्ध तरीके से कलकत्ता जाकर आर्य समाज में शरण ली और आते समय आर्य समाज के चपरासी तुलसीराम को अपनी थाली यह कहकर दे आए थे कि कोई देशभक्त आए तो उसको इसी में भोजन करवाना।

 

दिल्ली में भगत सिंह, वीर अर्जुन कार्यालय में स्वामी श्रद्धानंद और पंडित इंद्रविद्या वाचस्पति के पास ठहरे थे। उस समय ऐसे लोगों को ठहराने का साहस केवल आर्य समाज के सदस्यों में ही था। स्वतंत्रता प्राप्ति से पूर्व लगभग सभी स्थानों में ऐसी स्थिति थी कि कांग्रेस के प्रमुख कार्यकर्ताओं को यदि कहीं आश्रय, भोजन, निवास आदि मिलता था, तो वह किसी आर्यसमाजी के घर में ही मिलता था।