-    सीएम ने वाराणसी में जारी परियोजनाओं का किया निरीक्षण

-    रामनगर में बारादरी का गुंबद गिरने पर जताई नाराजगी, जांच कर कार्रवाई के दिए निर्देश

-    बाढ़ पीड़ितों को सीएम ने बांटी राहत सामग्री

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को वाराणसी में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण करने पहुंचे। सीएम योगी का काफिला रात 9 बजे सर्किट हाउस से निकला, जिसके बाद पूरे जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया और ट्रैफिक को रोक दिया गया। पुलिसकर्मियों को भी चप्पे-चप्पे पर मुस्तैद किया गया। 

 


योगी सबसे पहले कचहरी-आशापुर मार्ग के चौड़ीकरण का निरीक्षण करने पहुंचे, जहां उन्होंने कार्य की प्रगति की गहनता से समीक्षा की और इसे जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। इसके बाद उन्होंने सारनाथ स्थित प्रो-पुअर प्रोजेक्ट और सारंगनाथ महादेव मंदिर के पुनर्निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी कार्यदायी संस्थाओं और इंजीनियरों को गुणवत्ता और समयसीमा का ध्यान रखने की सख्त हिदायत दी। 

 


मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया और राहत शिविरों में पीड़ितों को राहत सामग्री वितरित किया। राहत सामग्री वितरण के दौरान मुख्यमंत्री ने जेपी मेहता इंटर कॉलेज में स्थापित बाढ़ राहत शिविर में बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की और बच्चों को टॉफी और चॉकलेट देकर उनका मनोबल बढ़ाया। इसके बाद, देर रात सर्किट हाउस लौटते ही अधिकारियों ने कुछ राहत महसूस की। 

 


समीक्षा बैठक: बारादरी गुंबद गिरने और रोपवे में देरी पर जताई नाराजगी


समीक्षा बैठक के दौरान सीएम योगी ने रोपवे परियोजना में हो रही देरी पर नाराजगी जाहिर की। डीएम ने जानकारी दी कि तीन स्टेशनों का निर्माण दिसंबर तक और बाकी का मार्च 2025 तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके अलावा, रामनगर स्थित शास्त्री घाट पर बारादरी का गुंबद गिरने से श्रमिक की मौत के मामले को भी सीएम ने गंभीरता से लिया और संबंधित विभागों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। 

 


मुख्यमंत्री ने सभी गुंबदों को पुनर्निर्मित करने और कार्यस्थल की बैरिकेडिंग करने का निर्देश दिया। उन्होंने यूपीपीसीएल के सभी कार्यों की जांच कराने के भी निर्देश दिए। बैठक में डीएम एस. राजलिंगम ने शहर में शिक्षा, स्वास्थ्य और लोक निर्माण विभागों की प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की, जबकि पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कानून-व्यवस्था पर रिपोर्ट दी।

 

 


बाढ़ के स्थायी समाधान का दिया निर्देश


मुख्यमंत्री ने बाढ़ के स्थायी समाधान पर जोर देते हुए वरुणा नदी को मॉडल के रूप में विकसित करने और नदी में गंदे पानी के गिरने को रोकने के निर्देश दिए। साथ ही, गंगा के पलट प्रवाह को रोकने के लिए चेकडैम बनाने और नदी के किनारे पौधारोपण करने का सुझाव दिया। 

 


योगी ने सभी विकास कार्यों की मॉनिटरिंग के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने की बात कही और ओवरलोडेड वाहनों को जीरो पॉइंट पर ही रोकने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, फुट पेट्रोलिंग बढ़ाने, होटल और दुकानों में अग्निशमन यंत्र अपडेट रखने, और विभिन्न व्यावसायिक समूहों के साथ नियमित बैठकें आयोजित करने पर भी जोर दिया। बैठक में मुख्यमंत्री के साथ कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल, दयाशंकर मिश्र, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, और कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।