लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी की तबीयत अचानक खराब हो गई है। उन्हें देहरादून के जॉलीग्रांट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जैसे ही सीएम योगी को उनकी मां की हालत के बारे में जानकारी मिली, वह गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मंदिर से तुरंत देहरादून के लिए रवाना हो गए।


सूत्रों के अनुसार, सीएम योगी दोपहर 12:40 बजे देहरादून पहुंचेंगे और सीधे जॉलीग्रांट अस्पताल जाएंगे। अस्पताल से लौटने के बाद, वे दोपहर करीब 3:15 बजे नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे, जहां वे भारतीय जनता पार्टी की एक महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होंगे। यह बैठक यूपी उपचुनाव से संबंधित है, जिसमें सीएम योगी के साथ दोनों उपमुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी भी हिस्सा लेंगे।

 


योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी, जो 80 वर्ष की हैं, की सेहत पहले भी बिगड़ चुकी है। इसी साल जून में भी उन्हें ऋषिकेश के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था, तब भी सीएम योगी उनसे मिलने गए थे। सावित्री देवी उत्तराखंड के यमकेश्वर ब्लॉक के पंचूर गांव में रहती हैं।

 


अलर्ट पर प्रशासन


सीएम योगी के देहरादून आगमन को लेकर उत्तराखंड पुलिस और देहरादून प्रशासन सतर्क हो गए हैं। जॉलीग्रांट अस्पताल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। हालांकि, अभी तक अस्पताल की ओर से सीएम योगी की मां की सेहत के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। डॉक्टरों की एक टीम उनकी हालत पर नज़र रखे हुए है।