भदोही। समाजवादी पार्टी विधायक जाहिद बेग की मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शुक्रवार को विधायक और उनके समर्थकों पर अदालत परिसर में पुलिस से झड़प, मारपीट, वर्दी फाड़ने और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में एक और मामला दर्ज किया गया। यह केस पुलिसकर्मी अवधेश सिंह यादव द्वारा दर्ज कराया गया है, जिसमें सपा विधायक और उनके 40-50 समर्थकों को आरोपित किया गया है।
मुकदमे के अनुसार, जब पुलिसकर्मी अदालत के गेट पर वाहन चेकिंग कर रहे थे, विधायक अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंचे। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश की, लेकिन समर्थकों ने विरोध करते हुए धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू कर दी, जिससे पुलिस की वर्दी फट गई।
.jpeg)
गुरुवार को विधायक जाहिद बेग ने नाबालिग घरेलू नौकरानी की आत्महत्या मामले में अदालत में आत्मसमर्पण किया था, जिसके बाद उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इस मामले में पहले से जारी गिरफ्तारी वारंट के तहत पुलिस उन्हें गिरफ्तार करना चाहती थी, लेकिन उन्होंने अदालत में वकील के साथ आत्मसमर्पण किया। आत्मसमर्पण के दौरान हुई झड़प ने मामला और बढ़ा दिया।

इस बीच पुलिस पर भी विधायक के वकीलों ने अभद्रता के आरोप लगाए हैं। वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने कहा कि आत्मसमर्पण एक कानूनी अधिकार है, और इसकी सूचना पहले ही पुलिस को दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद पुलिस ने विधायक के साथ अनुचित व्यवहार किया। इसके अलावा जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर विधायक जाहिद बेग को नैनी सेंट्रल जेल और उनके बेटे जईम बेग को वाराणसी जेल भेजा गया है। उनकी पत्नी सीमा बेग अभी फरार हैं और उनके खिलाफ भी गिरफ्तारी वारंट जारी है।
योगी सरकार के रडार पर आए विधायक और उनके परिवार पर लगातार मुकदमे दर्ज हो रहे हैं। अभी तक विधायक और उनके समर्थकों पर कई मामले दर्ज हो चुके हैं, जिनमें ताजा मामला अदालत परिसर में पुलिस से हुई झड़प का है।
Comments (0)