वाराणसी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ वाराणसी के सिगरा थाने में भाजपा के महानगर उपाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि राहुल गांधी ने अमेरिका में दिए एक बयान से सिख समुदाय की भावनाओं को आहत किया और देश की एकता और अखंडता को प्रभावित किया है। सिगरा पुलिस ने धारा 152 के तहत मामला दर्ज किया, जो विद्रोह के लिए भड़काने से संबंधित है और इसमें उम्रकैद तक की सजा हो सकती है।

 


अशोक सिंह का आरोप है कि राहुल गांधी ने अमेरिका में कहा था कि भारत में सिख समुदाय के लोग पगड़ी नहीं पहन सकते, कड़ा नहीं धारण कर सकते और गुरुद्वारों में नहीं जा सकते। उन्होंने इसे सभी धर्मों के अधिकारों की लड़ाई बताते हुए सिख समुदाय को इस स्थिति के खिलाफ संघर्ष करने के लिए कहा था। इस बयान को लेकर भाजपा नेताओं ने सिख समुदाय और अन्य पिछड़े वर्गों की भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाया।

 


भाजपा के जिलाध्यक्ष और एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा ने भी राहुल गांधी के बयान की कड़ी आलोचना की और इसे देश विरोधी बताया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने भारत निर्वाचन आयोग और अन्य संस्थाओं पर भाजपा के नियंत्रण का आरोप लगाकर देश की छवि को खराब किया है। भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

 


राहुल गांधी ने अमेरिका में दिए अपने भाषण में यह भी कहा था कि सिख समुदाय को चिंता है कि क्या उन्हें भारत में पगड़ी और कड़ा पहनने की अनुमति दी जाएगी या नहीं। उन्होंने भाजपा और आरएसएस की विचारधारा की आलोचना करते हुए कहा कि वे देश की विविधता और संघीय ढांचे को नहीं समझते हैं। राहुल गांधी ने आरक्षण को खत्म करने के समय पर भी टिप्पणी की और इसे सही समय न होने का दावा किया।