चंदौली। जनपद में गुरुवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। जिसमें बोलेरो के पेड़ से टकराने से तीन लोगों की मौत हो गयी। वहीं दो गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों का ईलाज चल रहा है।
जिले के कंदवा थाना के परसिया गांव के समीप सैयदराजा-जमानियां मार्ग पर गुरुवार की रात तेज रफ्तार बोलेरो पुलिया और पेड़ से टकराने के बाद सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। इसमें तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं दो गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने पर दोनों घायलों को बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।

बिहार प्रांत के दुर्गावती थाना के भानपुर गांव निवासी सोनू यादव (35 वर्ष), धनंजय यादव (27 वर्ष), सुशील यादव (23 वर्ष), लरमा गांव निवासी राहुल यादव (25 वर्ष) और सैयदराजा थाना के मोहम्मदपुर के गुड्डू यादव (24 वर्ष) बोलेरो से बाबा कीनाराम मठ में दर्शन-पूजन कर गुरुवार की देर रात लगभग 11 बजे बोलेरो से वापस घर लौट रहे थे। सैयदराजा-जमानियां मार्ग पर परसियां गांव के समीप चालक ने नियंत्रण खो दिया और तेज रफ्तार बोलेरो पहले सड़क किनारे पुलिया से टकराई, इसके बाद पेड़ से टकराने के बाद गड्ढे में पलट गई।

टक्कर इतनी तेज थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। हादसे में बोलेरो में सवार सोनू यादव, धनंजय यादव और गुड्डू यादव की मौत हो गई। घटनास्थल पर जुटे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने सुशील और राहुल की हालत गंभीर देख बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी रही।
Comments (0)