वाराणसी। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के हजारों छात्र नशे की गिरफ्त में हैं। यह चौंकाने वाला खुलासा सेंट्रल नारकोटिक्स ब्यूरो की छापेमारी में हुआ। बीएचयू परिसर और आसपास रहने वाले छात्रों को ड्रग्स की सप्लाई लंका थाना क्षेत्र के एक जनरल स्टोर से की जा रही थी। नारकोटिक्स की टीम ने सप्लायर को गिरफ्तार करते हुए उसकी दुकान से एक करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की ड्रग्स बरामद की।


शिकायत पर शुरू हुई जांच


सेंट्रल नारकोटिक्स को सूचना मिली थी कि बीएचयू के छात्र नशे की लत का शिकार हो रहे हैं। यूपी नारकोटिक्स कमिश्नर दिनेश बौद्ध के निर्देश पर गाजीपुर एसपी केके श्रीवास्तव के नेतृत्व में जांच टीम गठित की गई। एक सप्ताह की रेकी के बाद लंका थाना क्षेत्र के सीर गोवर्धन इलाके में एक जनरल स्टोर पर छापा मारा गया।


दुकान से करोड़ों की ड्रग्स बरामद


जनरल स्टोर से ड्रग्स के साथ बड़ी मात्रा में सीरिंज और प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद हुए:


•    1 किलो ब्यूप्रेनारफीन


•    0.5 किलो ट्रामाडोल


•    0.067 ग्राम क्लोनाजेपाम


•    भारी मात्रा में एविल इंजेक्शन और सीरिंज


BHU के कई स्टूडेंट्स कस्टमर


गिरफ्तार दुकानदार रामबाबू सिंह ने बताया कि बीएचयू के छात्रावासों और आसपास के इलाकों में किराए पर रहने वाले कई छात्र-छात्राएं उसके ग्राहक थे। वे फोन पर ड्रग्स ऑर्डर करते थे, जिसे उसका आदमी बाइक से डिलीवर करता था।

 


लड़कियां भी शामिल


पूछताछ में पता चला कि ड्रग्स की सप्लाई केवल छात्रों तक सीमित नहीं थी। कई छात्राएं भी इसका सेवन करती थीं और अपने हॉस्टल में ड्रग्स मंगवाती थीं।


पढ़ाई के नाम पर नशे का खेल


नारकोटिक्स अधिकारियों के मुताबिक, छात्र पढ़ाई के दबाव और मानसिक एकाग्रता बढ़ाने के नाम पर इन प्रतिबंधित दवाओं का सेवन कर रहे थे। एविल इंजेक्शन के साथ इन ड्रग्स का मिश्रण उन्हें अस्थायी आनंद देता था, लेकिन इससे लीवर और मस्तिष्क को गंभीर नुकसान पहुंचने का खतरा होता है।


दुकानदार की गिरफ्तारी कैसे हुई?


टीम ने पहले जनरल स्टोर से बिस्किट खरीदा और फिर दुकानदार से इंजेक्शन के बारे में पूछा। संदिग्ध व्यवहार के चलते उसे पकड़ लिया गया। दुकान के पिछले हिस्से में छानबीन के दौरान ड्रग्स के कार्टन मिले।


एक सप्ताह की निगरानी


नारकोटिक्स टीम ने छात्रावास के कुछ संदिग्ध छात्रों पर नजर रखी। एक लड़के को अलग-अलग कमरों में जाते देखा गया। उसकी तलाशी में ड्रग्स बरामद हुई। उसने बताया कि वह दुकान मालिक के निर्देश पर डिलीवरी करता है। इसी आधार पर दुकान पर नजर रखी गई और रविवार को छापा मारकर मालिक को गिरफ्तार किया गया।

 


छात्रों की सेहत पर खतरा


ड्रग्स का सेवन न केवल छात्रों के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है, बल्कि यह उनके शैक्षणिक और व्यक्तिगत जीवन को भी बुरी तरह प्रभावित कर रहा है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि ड्रग्स की लत से छात्रों का भविष्य अंधकारमय हो सकता है।


खंगाले जा रहे नेटवर्क


नारकोटिक्स टीम अब नेटवर्क के अन्य सदस्यों और आपूर्ति श्रृंखला का पता लगाने में जुटी है। प्रशासन ने छात्रों और उनके अभिभावकों से सतर्क रहने की अपील की है।