-    भारी तनाव जैसे माहौल के बावजूद कलक्टर फिनले ने नहीं चलवायी गोली

-    पूरे कचहरी परिसर के कोना-कोना आंदोलनकारियों ने अपने कब्जे में ले लिया

-    वह लक्ष्य पूर्ण होने पर जनपद में हर दिन होने लगा कोई न कोई नया अभियान

-    आंदोलनकारियों ने फूंका दिया था मंडुवाडीह स्टेशन, गंगापुर की रजिस्ट्री कचहरी और कपसेठी स्टेशन


वाराणसी। आठ अगस्त 1942 को बंबई अधिवेशन में गांधीजी के नेतृत्व में ‘अंग्रेजो भारत छोड़ो’ का संकल्प पारित होने के दूसरे ही दिन नौ अगस्त पूरा देश अंग्रेजी हुकूमत को देश के भगाने के लिए मानो एकसाथ लड़ाई में उतर पड़ा। एकओर जहां बंबई में कांग्रेस के बड़े नेता गिरफ्तार कर लिये गए वहीं, बनारस में संपूर्णानंद, प्रो. असरानी, कमलापति त्रिपाठी आदि भी धर लिये गए। कुछ लोग गिरफ्तारी से बचकर भूमिगत हो गये। लड़ाई के पहले ही दिन छात्र-छात्राओं का एक बड़ा जुलूस प्रो. गैरोला के नेतृत्व में बीएचयू से निकला। उसके बाद प्रो. गैरोला अंडरग्राउंड हो गये। ठठेरी बाजार में भारतेंदु हरिश्चंद्र के घर से सटे मकान ‘बंगाली ड्योढ़ी’ संघर्ष का कार्यालय बन गया। बनारस तहसील में संघर्ष संचालक महादेव सिंह थे।


नौ अगस्त रविवार का वह दिन, अल सुबह गली-मुहल्लों से लोग ‘अंग्रेजों भारत छोड़ो’ का नारा लगाते ‘वंदेमातरम’ का उद्घोष करते हुए निकल पड़े। अचानक ऐसा माहौल देखकर अंग्रेजी हुकूमत के अफसरों की नींद उड़ गयी। फिर शुरु हुई उनकी भागदौड़। दूसरी ओर, तमाम इलाकों से निकल रहे जुलूस का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा था। विश्वेश्वरगंज, मैदागिन, टाउनहाल, चेतगंज, मैदागिन समेत विभिन्न क्षेत्रों में जनता सड़क पर थी। पुलिस के हाथ-पांव फूल गये। घबराए अफसरों ने लाठीचार्ज का आदेश दे दिया। उसके बाद पुलिस को जैसे आर्डर का ही इंतजार था, क्रांतिकारियों पर वह टूट पड़ी। उसके बावजूद आजादी के दीवानों के जोश में कोई कमी नहीं आयी। उनमें हर वर्ग और हर उम्र के लोग शामिल थे।

 


दस अगस्त को बनारस हिन्दू यूनिवर्सिटी में ‘स्वतंत्र भारतीय गणतंत्र’ की घोषणा कर दी गई। वहां पढ़ रहे विभिन्न प्रांतों के विद्यार्थियों में भारी जोश था। उन्होंने अपने-अपने प्रदेश में अगस्त क्रांति की लौ जलाने के लिए फैल जाने का निर्णय लिया। उसी दिन रमाकांत मिश्र के नेतृत्व में दशाश्वमेध से एक बड़ा जुलूस निकला। 11 अगस्त को बड़ी संख्या में विद्यार्थी कचहरी पहुंचे। साथ में भारी तादाद में जनता भी थी। पूरा कचहरी परिसर आंदोलनकारियों के कब्जे में आ गया। छात्रों ने कचहरी पर तिरंगा फहराया। अत्यधिक तनाव जैसे माहौल के बावजूद कलक्टर फिनले ने गोली नहीं चलवायी। हालांकि काफी संख्या में फोर्स तैनात थी।


उसके बाद तो हर दिन एक न एक नया अभियान। दूसरे ही दिन 12 अगस्त को मंडुवाडीह स्टेशन फूंक दिया गया। 13 अगस्त को छात्रों ने गंगापुर की रजिस्ट्री कचहरी जलायी। कपसेठी स्टेशन राख कर दिया। राजातालाब के गोदाम पर धावा बोलकर अनाज किसानों में बांट दिया गया। सिलसिला थमना नहीं, जारी रहा। एक के बाद एक थानों पर तिरंगे फहराए जाने लगे। गोलियां चलीं और कई छात्र शहीद हुए। 16-17 अगस्त की रात फौज ने यूनिवर्सिटी को घेर लिया। प्रो. राधेश्याम, प्रो. गैरोला, राजनारायण, प्रभुनारायाण सिंह आदि फरार हो गये।

 


फिज़ां में बेहद सननसाहट थी। भागदौड़, धर-पकड़, पुलिस-फौज, गोलियां। ‘अंग्रेजों भारत छोड़ो’ और ‘करो या मरो’ के नारे गूंज रहे थे। बड़े-बुजुर्गों का उत्साह देखकर बच्चे भी कहां पीछे रहते। जहां कहीं कोई अंग्रेज दिखता, छोटे-छोटे बच्चे ‘क्विट’ की आवाज लगाकर गलियों में गायब हो जाते, जबकि तमाम बच्चों को ‘क्विट’ का अर्थ भी पता नहीं था। उनके लिए ‘क्विट’ शब्द अंग्रेजों को चिढ़ाने वाली कोई गाली थी। आंदोलन, जुलूस, प्रभात फेरियां, गिरफ्तारियां रोजमर्रा का हिस्सा बन चुके थे।

 


जुलूस जब निकलते तो अक्सर उनके मुहाने दो बड़े-बड़े झंडे चलते थे, एक कांग्रेसी तिरंगा और दूसरा मुस्लिम लीग का चांदवाला। प्रभात फेरियों के साथ-साथ लोग आजादी के गीत गाते हुए चलते थे। उन गीतों में ‘गांधी की यह आंधी चलती, चाल बड़ा तूफानी है, आज कही जाती दुनिया में घर-घर यही कहानी है। अब स्वतंत्रता की कीमत इस भारत ने पहचानी है’ या ‘नहीं रखनी सरकार विदेशी नहीं रखनी, नहीं रखनी सरकार जालिम नहीं रखनी’। जुलूस को जब तक पुलिस आकर तितर-बितर नहीं कर देती तब तक गीत जारी रहते।