लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस पर आतंकी हमले की आशंका के मद्देनजर डीजीपी प्रशांत कुमार ने अलर्ट रहने और पुख्ता सुरक्षा बंदोबस्त करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अन्य राज्यों की सीमाओं से सटे जिलों में आतंकी एवं अन्य संगठनों की गतिविधियों के मध्य रेल, सड़क एवं हवाई आगमन पर विशेष सतर्कता बढ़ाने को कहा है। 


वही स्वतंत्रता दिवस के महत्वपूर्ण आयोजनों जैसे तिरंगा यात्रा, प्रभात फेरी, झांकी आदि की सुरक्षा बढ़ाने, चेकिंग करने, कार्यक्रम स्थलों के प्रवेश एवं विकास द्वारों पर विशेष सुरक्षा प्रबंध करने, रूफ टॉप ड्यूटी लगाने तथा ट्रैफिक प्रबंध करने के निर्देश भी दिए हैं। डीजीपी की ओर से मंगलवार को सभी एडीजी जोन, आईजी रेंज, जिलों के कप्तानों, रेलवे आदि को पुलिस कर्मियों की ब्रीफिंग करके सचेत व सक्रिय रहने को कहा गया है।

वहीं रेलवे, मेट्रो, बस स्टेशन, सिनेमा हॉल, मल्टीप्लेक्स, शॉपिंग मॉल, होटल, धर्मशाला, गेस्ट हाउस वाले स्थान एवं धार्मिक स्थलों पर विशेष सुरक्षा प्रबंध करने के निर्देश दिए गए हैं। डीजीपी ने प्रदेश एवं जिलों के समस्त प्रवेश मार्ग पर लगातार चेकिंग के लिए चेक पोस्ट एवं बैरियर ड्यूटी को सतर्क रहने को भी कहा है।


इसके अलावा उन्होंने माइक्रोलाइट एयर क्राफ्ट, पैराग्लाइडर, हैंगग्लाइडर, ड्रोन एवं अन्य मानव रहित विमानों की उड़ानों पर आधुनिक तकनीक का प्रयोग करते हुए सतर्क दृष्टि बनाए रखने को कहा। उन्होंने स्कूल व कॉलेज के आसपास भी पर्याप्त सुरक्षा करने, जिलों के अभिसूचना तंत्र और अधिक सक्रिय रहने के साथ राष्ट्र विरोधी एवं समाज विरोधी गतिविधियों की कड़ी निगरानी रखने की हिदायत भी दी।

 


इसके साथ ही आवासीय कॉलोनियों में किराएदारों का अभियान चला कर सत्यापन कराने, केमिकल्स की दुकानों का सत्यापन एवं चेकिंग करने, संवेदनशील धार्मिक स्थलों व अन्य महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा निर्धारित एसओपी के मुताबिक करने के निर्देश भी दिए हैं।