तमिलनाडु। तिरुपति मंदिर के लड्डू प्रसादम की पवित्रता और शुद्धता को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। मंदिर के प्रसाद में चर्बी वाले घी के अलावा गोमांस, सुअर की चर्बी और फिश ऑयल मिलाये जाने के बाद देशभर के हिदुओं में आक्रोश है। लैब रिपोर्ट ने इस मामले की पुष्टि की है। 


इससे पहले 18 सितंबर को आंध्र प्रदेश के CM चंद्रबाबू नायडू ने कहा था कि पिछले 5 साल में YSRCP के नेताओं ने तिरुमाला की पवित्रता को धूमिल किया। उधर, मंदिर प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। तिरुपति मंदिर के 300 साल पुराने किचन में रोजाना 3.50 लाख लड्डू बनते हैं। तिरुमाला ट्रस्ट हर साल प्रसादम से सालाना 500 करोड़ रुपए कमाता है।


लैब रिपोर्ट 17 जुलाई को मिली। तभी से ही यह रिपोर्ट पब्लिक डोमेन में है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। रिपोर्ट में ना तो जारी करने वाली संस्था का नाम लिखा है और ना ही किस जगह के सैंपल की जांच की गई है, उसका जिक्र है। उधर, तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (TTD) ने घी की गुणवत्ता की निगरानी के लिए चार सदस्यीय विशेष समिति बना दी है।

 


19 सितंबर को घटना आई सामने 


टीडीपी के प्रवक्ता अनम वेंकट रमना रेड्डी ने गुरुवार, 19 सितंबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस में लैब रिपोर्ट सार्वजनिक की। उन्होंने बताया कि गुजरात स्थित लाइवस्टॉक लैबोरेटरी, NDDB (नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड बोर्ड) CALF लिमिटेड (सेंटर फॉर एनालिसिस एंड लर्निंग इन लाइवस्टॉक एंड फूड) को 9 जुलाई, 2024 को सैंपल भेजा गया था।


मुख्यमंत्री ने मंदिर में घी देने वाली कंपनी को किया ब्लैक लिस्टेड


आंध्र के मुख्यमंत्री और TDP सुप्रीमो एन चंद्रबाबू नायडू बोले प्रसाद में चर्बी मिलाई जा रही थी। नायडू ने कहा कि जिस कंपनी से घी लिया जा रहा था, उससे करार खत्म कर ब्लैक लिस्ट कर रहे हैं। मामले की जांच विजिलेंस को सौंप दी गई है। एक साल पहले ही कंपनी को सप्लाई का टेंडर मिला था।


इस साल 17 जुलाई को राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड की फूड लैब CALF ने बताया कि तिरुमाला के लड्‌डुओं में पशु चर्बी, मछली तेल से बने घी का इस्तेमाल हो रहा है। जांच में एक फर्म का घी मिलावटी मिला था। इसके बाद जुलाई में तिरुमाला ट्रस्ट के EO जे. श्यामला राव ने बैठक कर लडडुओं के सैंपल फिर लैब भेजे।


YSCRP सांसद बोले- प्रसादम में मिलावट के आरोप फर्जी 


YSCRP के राज्यसभा सांसद वाई वी सुब्बा रेड्डी ने तिरुपति प्रसादम में मिलावट की खबरों को फर्जी बताया। सुब्बा रेड्डी ने कहा कि ऐसे आरोप हिंदुओं की भावनाओं पर असर डालते हैं। मैं भगवान बालाजी में विश्वास करता हूं। आइए बालाजी के सामने कसम खाते हैं। यदि आप कसम खाने के लिए तैयार नहीं हैं, तो हम कानूनी कार्रवाई करेंगे।

 


जगन सरकार ने जुलाई 2023 में 5 फर्म को घी सप्लाई का काम दिया था 


बीते 50 साल से कर्नाटक कॉपरेटिव मिल्क फेडरेशन (KMF) रियायती दरों पर ट्रस्ट को घी दे रहा था। हर छह महीने में 1400 टन घी मंदिर में लगता है। जुलाई 2023 में कंपनी ने कम रेट में सप्लाई देने से मना कर दिया, जिसके बाद जगन सरकार ने 5 फर्म को सप्लाई का काम दिया। आंध्र प्रदेश सरकार ने घी सप्लाई का काम 29 अगस्त को KMF को फिर से दे दिया है। KMF नंदिनी ब्रांड का देसी घी सप्लाई करता है।


300 साल पुराना किचन, ब्राह्मण ही बनाते हैं 3.5 लाख लड्‌डू


तिरुपति मंदिर दुनिया के सबसे लोकप्रिय और अमीर धर्मस्थलों में से है। यहां हर दिन करीब 70 हजार श्रद्धालु भगवान वेंकटेश्वर स्वामी के दर्शन करते हैं। इसका प्रशासन तिरुपति तिरुमाला देवस्थानम (TTD) संभालता है।


मंदिर परिसर में बनी 300 साल पुरानी किचन ‘पोटू’ में शुद्ध देसी घी के रोज 3.50 लाख लड्‌डू बनते हैं। यह मंदिर का मुख्य प्रसाद है, जिसे करीब 200 ब्राह्मण बनाते हैं। लड्‌डू में शुद्ध बेसन, बूंदी, चीनी, काजू और शुद्ध घी होता है। ट्रस्ट ने करीब एक लाख लड्‌डू राम मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा के वक्त अयोध्या भेजे थे।