वाराणसी। एक्मे ट्यूटोरियल्स के डायरेक्टर अर्पित जैन ने उर्मिला देवी मेमोरियल सोसाइटी  में पढ़ने वाले भिक्षुक परिवारों के बच्चों संग अपना जन्मदिन मनाया। इस अवसर पर सभी ने उन्हें बधाइयां दीं। ऐसे में बच्चों में काफी हर्ष देखा गया।


सुंदरपुर स्थित उर्मिला देवी मेमोरियल सोसाइटी के बच्चों के साथ कोचिंग के डायरेक्टर अर्पित जैन ने केक काटकर अपना जन्मदिन मनाया। संस्था में पढ़ने वाले बच्चों ने उन्हें तिलक लगाकर बधाई दी व उनके दीर्घायु होने की कामना की। इस दौरान बच्चों ने सनातनी प्रक्रिया से मंत्रोच्चारण भी किया। 

 


इस बाबत अर्पित जैन ने कहा कि उर्मिला देवी मेमोरियल सोसाइटी का कार्य अत्यंत पुनीत है। उन्होंने जो समाज को भिक्षावृत्ति से मुक्त करने का जिम्मा उठाया है, इसमें हम उनके साथ हैं। यह देखकर काफी अच्छा लगा कि यहां पर भिक्षावृत्ति में लिप्त बच्चों को सनातनी संस्कार दिए जा रहे हैं।

 


उर्मिला देवी मेमोरियल सोसाइटी की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने बताया कि इन बच्चों के साथ अर्पित जैन ने जन्मदिन मनाकर अत्यंत पुनीत कार्य किया है। हम सभी उनके दीर्घायु होने व सुखमय जीवन की ईश्वर से प्रार्थना करते हैं। 

 


संस्था के बारे में बात करते हुए उन्होंने बताया कि इस संस्था की शुरुआत आज से 10 साल पहले हुई थी। संस्था का प्रमुख उद्देश्य समाज से भिक्षावृत्ति को दूर करना है। इसके तहत हम कभी भिक्षुकों को अन्न अथवा धन दान नहीं करते। बल्कि इसके विपरीत हम उनके बच्चों को शिक्षित कर उनकी आने वाली पीढ़ी को सुधारते हैं। बताया कि इस अभियान के तहत अब तक सैकड़ों भिक्षुक परिवारों के जीवन में बदलाव आया है। कई परिवार भिक्षावृत्ति को छोड़ अन्य कामों में लग गए हैं।

 


प्रतिभा सिंह ने आगे बताया कि इस काम में उन्हें शुरू में काफी दिक्कतें आई थीं। भिक्षुक परिवार भीख मांगकर प्रतिदिन औसत 2-3 हजार रुपए कमा लेते थे, उनके बच्चों को उनसे दूर कर पढ़ाने में उनकी कमाई में नुकसान होने लगा था, जिसके तहत उन्हें काफी विरोध भी सहना पड़ा था। लेकिन समय बदला, सोच बदली और धीरे-धीरे समाज में एक बदलाव आने लगा। अब लोग स्वत: ही बच्चों को यहां पर पढ़ने के लिए भेजते हैं। 

 


बताया कि हमारा काम समाज से पूरी तरह से भिक्षावृत्ति को समाप्त करना है। इसमें उनका साथ परिवारजन भी दे रहे हैं, जिसके कारण यह अभियान सफल हो पाया है। आज कई बच्चों के परिवार भिक्षावृत्ति को छोड़ एक नया जीवन जीने की ओर अग्रसर हैं।