लखनऊ। ज्ञानवापी मामले की सुनवाई करने वाले जज को सोशल मीडिया पर धमकी देने के आरोपी अदनान ख़ान को सात दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड पर देने का आदेश एटीएस के विशेष न्यायाधीश विवेकानंद शरण त्रिपाठी ने दिया है। एटीएस आरोपी अदनान को 14 जून की सुबह 10 बजे से 20 जून की शाम छः बजे तक हिरासत में लेकर पूछताछ करेगी।


इसके पहले एटीएस के इंस्पेक्टर विक्रम सिंह की ओर से आरोपी अदनान ख़ान को सात दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड पर दिये जाने की माँग वाली अर्जी दी गई थी। बताया गया कि एटीएस को पता चला था कि आरोपी अदनान खान की इंस्टा आईडी से किसी जज और अन्य लोगो को धमकी और वैमनस्यता वाली पोस्ट की गई है। इसी आईडी से वाराणसी स्थित ज्ञानवापी मस्जिद के मुक़दमे की सुनवाई कर रहे जज रवि कुमार दिवाकर को धमकी दी गई है। इसके बाद एटीएस ने भोपाल निवासी आरोपी अदनान को गिरफ्तार किया था।


आरोपी के मोबाइल की गैलरी में अरबी और अंग्रेज़ी भाषा में तक़रीरों के वीडियो पाये गए और वीडियो में आरोपी की वेशभूषा और एक्शन संदिग्ध है। अर्जी में कहा गया कि आरोपी को रिमांड पर लेकर उसके मोबाइल और लैपटॉप में मिले डाटा, बैंक खाते, सोशल मीडिया खाते और उसके साथियों के संबंध में जानकारी जुटानी है तथा आरोपी के साथियों की शिनाख्त के लिए भोपाल लेकर जाना है।