मथुरा। जन्माष्टमी पर श्री कृष्ण जन्मस्थान मथुरा जन्मोत्सव में रंग गया। आधी रात 12 बजे जन्मस्थान पर जगत के तारनहार प्रगट हुए। इससे पहले कन्हैया का 1008 कमल पुष्प से सहस्त्रार्चन हुआ। 10 लीटर गुलाब जल, 1000 किलो गुलाब के पुष्पों की बारिश की गई।

 


भगवान श्रीकृष्ण की चल प्रतिमा को गर्भगृह से बाहर लाया गया। जहां कमल पुष्प पर विराजमान कान्हा का स्वर्ण मंडित कामधेनु गाय से दुग्धाभिषेक हुआ। 5 क्विंटल पंचामृत से महंत नृत्यगोपाल दास ने अभिषेक किया। नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की... उद्घोष से जन्मस्थान गूंज उठा। शृंगार आरती के बाद मंदिर के पट बंद कर दिए गए।

 


इससे एक दिन पहले सोमवार की सुबह 5 बजे कान्हा की मंगला आरती से जन्माष्टमी की शुरुआत हुई थी। जन्मभूमि को कारागार की तरह सजाया गया। सीएम योगी भी सुबह जन्मभूमि पहुंचे। पूजा-पाठ कर दान किया। राजस्थान के सीएम भजन लाल शर्मा ने गोवर्धन में पूजा की।