जौनपुर। निकाह होने के एक वर्ष बाद ही शौहर ने पत्नी को तीन तलाक दे दिया। ससुरालीजन ने दबाव डालकर हलाला के नाम पर देवर से बलात्कार कराया। बावजूद इसके शौहर ने दोबारा निकाह करने व अपनाने से साफ इंकार कर दिया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर उसके देवर को गिरफ्तार कर लिया है। 


मामला जौनपुर शहर कोतवाली के बड़ी मस्जिद इलाके के मोहल्ला उमर खां का है। आजमगढ़ जनपद के दीदारगंज के एक मोहल्ले की 22 वर्षीया सुल्ताना बेगम (बदला हुआ नाम) का निकाह अप्रैल 2022 में मुस्लिम परंपरा के तहत उमर खां (बड़ी मस्जिद) निवासी अबू हुरैरा उर्फ फैसल के साथ हुआ था। उसके मायके वालों ने हैसियत के हिसाब से दहेज के रूप में उपहार दिए थे। शादी के कुछ ही दिन बाद पति व ससुराल के अन्य लोग व दहेज की मांग करते हुए प्रताड़ित करने लगे। जान से मारने की धमकी देते थे। मांग पूरी न होने पर एक वर्ष बाद ही पति ने तीन तलाक दे दिया। इसके बाद वह मायके जाकर रहने लगी।


पास-पड़ोस के लोगों व रिश्तेदारों के समझाने पर ससुरालीजन साजिश के तहत उसे मायके से लेकर आए। फिर से निकाह के लिए हलाला का हवाला देते हुए विवाहिता की मर्जी के विरुद्ध देवर मुरसलीन से दुष्कर्म कराया। इसके बाद भी पति व ससुरालीजन ने दोबारा निकाह कर अपनाने से इंकार कर दिया। तहरीर में आरोपित के तौर पर पति अबू हुरैरा, सास चंदा, ननद शमा, जेठ सद्दाम, जेठानी राबिया, देवर मुरसलीन व शारिक को नामजद किया।


 


 




पुलिस ने आरोपितों के विरुद्ध दहेज उत्पीड़न, दुष्कर्म, मारने-पीटने, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी, साजिश रचने आदि सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मिथिलेशकुमार मिश्र, निरीक्षक महमूद आलम अंसारी, शकरमंडी पुलिस चौकी प्रभारी कंचन पांडेय व सहयोगी पुलिस कर्मियों ने मिले सुराग पर आरोपित मुरसलीन को गुरुवार की सुबह उर्दू बाजार चौराहा से गिरफ्तार कर उनका चालान कर जेल भेज दिया।