वाराणसी। लालपुर पाण्डेयपुर थाना क्षेत्र में 15 दिनों के भीतर दूसरी दुष्कर्म की घटना सामने आई है। अभी खजुरी क्षेत्र में गैंगरेप की घटना की आग शांत भी नहीं हुई थी कि मकबूल आलम रोड स्थित क्रिश्चियन कब्रिस्तान में एक और घिनौनी वारदात को अंजाम दिया गया। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल के लिए भेजा है। 

 


घटना शनिवार (12 अप्रैल) की है। पीड़ित बच्ची के पिता की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज किया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। इस मामले में आरोपी बच्ची के पिता का पुराना दोस्त ही है। जिसने घर में बच्ची को अकेली पाकर घर के  पीछे स्थित कब्रिस्तान में ले जाकर घिनौनी हरकत को अंजाम दिया। पुलिस परिजनों की शिकायत के आधार पर आरोपी को तलाश रही है। 

 


जानकारी के मुताबिक, पीड़ित परिवार ईसाई समुदाय से है और उनका घर कब्रिस्तान के पास स्थित है। उसी इलाके में बच्ची खेल रही थी, तभी आरोपी विनोद उसे बहला-फुसलाकर कब्रिस्तान के अंदर ले गया। वहां उसने बच्ची के साथ अश्लील हरकतें कीं और फिर उसे अकेला छोड़कर फरार हो गया।

 


बच्ची की बिगड़ी हालत और व्यवहार को देखकर परिजनों ने उससे पूछताछ की, तो पूरी घटना सामने आई। इसके बाद विनोद की तलाश शुरू की तो वह नहीं मिला। उसके घर पर भी परिजन पहुंचे लेकिन नहीं मिला। विनोद के पक्ष से कुछ लोगों ने दबाव बनाकर मामले को आपस में ही सलटाने को कहा। हालांकि सोमवार को पिता ने नामजद तहरीर दी। पीड़ित बच्ची के पिता ने थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी, जिसके आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया और बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया।

 


आरोपी बीएलडब्ल्यू क्षेत्र का रहने वाला है, जो पहले से सेंट मैरीज कैथेड्रल चर्च में आता-जाता रहा है। वह शनिवार को कब्रिस्तान के आसपास ही मौजूद था और बच्ची को एकांत देखकर उसने इस जघन्य कृत्य को अंजाम दिया।

 


इस मामले में एसीपी कैंट विदूष सक्सेना ने बताया कि आरोपी पीड़ित परिवार का परिचित है। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है। जल्दी ही उसे गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्यवाही की जाएगी।