नई दिल्ली। यूपी के हाथरस में हुए हादसे में 122 से अधिक लोगों की जान चली गई। सैकड़ो घायल हुए हैं। घटनास्थल पर जैसे मौत का तांडव मचा हुआ है। हालात यह हैं कि जिसे देखकर कोई भी दहल जाए। मृतकों का मोर्चरी हाउस में रात भर पोस्टमार्टम चला है।
इस हादसे में किसी का बेटा गुम हुआ, तो किसी का पति। हर कोई बस तस्वीर लेकर अपनों को ढूंढता रहा। पुलिस प्रशासन की ओर से कई शवों की शिनाख्त हो चुकी है। वहीं कई की शिनाख्त जारी है।
ऐसा नहीं है कि यह देश में पहला हादसा है, जब धार्मिक आयोजनों में पर्याप्त इंतजाम न होने के कारण हादसा हो गया हो, पहले भी ऐसे कई हादसे हो चुके हैं। आइए एक नजर डालते हैं उन हादसों पर -
31 मार्च 2023: इंदौर के एक मंदिर में रामनवमी पर हवन के दौरान प्राचीन बावड़ी के ऊपर बनी स्लैब ढहने से 36 लोगों की मौत हो गई।
1 जनवरी 2022: जम्मू कश्मीर के वैष्णो देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भगदड़ में 12 लोगों की मौत हो गई। वहीं इस घटना में एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए थे।
14 जुलाई 2015: आंध्र प्रदेश के राजमुंदरी में गोदावरी के तट पर नहाने के दौरान भगदड़ मची। जिसमें 27 तीर्थयात्रियों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हुए थे।
3 अक्टूबर 2014: दशहरा समारोह में पटना के गांधी मैदान में भगदड़ मची और 32 लोगों की मौत हो गई।
13 अक्टूबर 2013: मध्य प्रदेश के दतिया जिले में रतनगढ़ मंदिर के पास नवरात्रि उत्सव में नदी का पुल ढहने की अफवाह से भगदड़ मची। इसमें 115 लोगों की मौत हुई और 100 लोग घायल हो गए थे।
19 नवंबर 2012: पटना में गंगा किनारे छठ पूजा के दौरान अस्थाई पुल ढहा और 20 लोग मारे गए।

8 नवंबर 2011: हरिद्वार में हर की पैड़ी घाट पर भगदड़ में 20 लोगों की जान चली गई।
14 जनवरी 2011: केरल की इडुक्की जिले के पुलमेडु में जीप सबरीमाला तीर्थ यात्रियों से टकराई। स भगदड़ में 104 श्रद्धालु मारे गए। 40 घायल हुए।
4 मार्च 2010: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में कृपालु महाराज के राम जानकी मंदिर में भगदड़ में 63 की मौत हो गई। लोग मुफ्त कपड़े और भोजन के लिए जुटे हुए थे।
30 सितंबर 2008: राजस्थान के जोधपुर में चामुंडा देवी मंदिर में बम की अफवाह फैली। इस भगदड़ में 250 श्रद्धालु मारे गए और 60 घायल हुए।
3 अगस्त 2008: हिमाचल के बिलासपुर में नैना देवी मंदिर में चट्टान गिरने की अफवाह फैली। भगदड़ में 162 लोग मारे गए और 47 घायल हो गए।
25 जनवरी 2005: महाराष्ट्र के सतारा जिले में मंधार देवी मंदिर में 340 से अधिक श्रद्धालु मारे गए और सैकड़ों घायल हुए। हादसा तब हुआ, जब लोग नारियल तोड़ने से हुई फिसलन से सीढ़ियों पर गिर गए।
27 अगस्त 2003: महाराष्ट्र के नासिक में कुंभ मेला में भगदड़, जिसमें 39 की मौत हो गई और 140 लोग घायल हुए थे।
Comments (0)