लखनऊ (आलमबाग)। कृष्णा नगर क्षेत्र में बुधवार को एक 11 वर्षीय बच्ची कोचिंग से घर लौटते समय लापता हो गई। मासूम के रातभर गायब रहने से परिवार में हड़कंप मच गया। परिजनों ने स्थानीय पुलिस को शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर खोजबीन शुरू की।
गुरुवार सुबह इको गार्डन के पास बच्ची बदहवास हालत में मिली, जिसे इलाज के लिए तुरंत अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिससे एक परिवार के दो सदस्यों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ के आधार पर पुलिस मुख्य आरोपी की तलाश कर रही है।

कोचिंग से लौटने के बाद लापता हुई बच्ची
कृष्णा नगर क्षेत्र में रहने वाले एक लोडर चालक की बेटी, जो चौथी कक्षा में पढ़ती है, रोजाना घर के पास स्थित एक निजी कोचिंग सेंटर में पढ़ने जाती थी। बुधवार को भी बच्ची की मां उसे कोचिंग छोड़ने के बाद घर लौट आई थी। हर दिन की तरह बच्ची कोचिंग से शाम को घर लौटने के लिए निकली, लेकिन घर नहीं पहुंची।
जब बच्ची देर रात तक घर नहीं लौटी, तो मां ने कोचिंग जाकर उसकी जानकारी ली। कोचिंग सेंटर ने बताया कि वह समय पर घर के लिए निकल चुकी थी। इससे चिंतित परिजनों ने तुरंत कृष्णा नगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।
रातभर चली खोजबीन, सुबह मिली मासूम
शिकायत मिलते ही थाना प्रभारी ने एक विशेष टीम गठित की और बच्ची की तलाश शुरू की। पुलिस और परिजन रातभर उसकी खोज में जुटे रहे। हालांकि, बच्ची का कोई सुराग नहीं मिल पाया। अगले दिन सुबह करीब 6 बजे इको गार्डन के पास बच्ची को बदहवास हालत में पाया गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बच्ची के माता-पिता को बुलाया और उसकी पहचान कराई। बच्ची को कस्टडी में लेकर इलाज के लिए भेज दिया गया। बच्ची इस कदर डरी हुई थी कि वह कुछ भी बता पाने में असमर्थ थी।
आरोपी की गिरफ्तारी में देरी से स्थानीय लोगों का आक्रोश
घटना के 24 घंटे बाद भी मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त से दूर है। पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई न होने से स्थानीय लोगों में गुस्सा बढ़ गया। गुरुवार को बड़ी संख्या में लोग पकरी पुल चौराहे के पास वीआईपी रोड पर हाथों में तख्तियां लेकर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और उसे कड़ी सजा देने की मांग की।

प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही पुलिस बल और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों को शांत कराने के प्रयास में पुलिस और लोगों के बीच नोकझोंक भी हुई। क्षेत्रीय पार्षद ऋचा आदर्श मिश्रा ने हस्तक्षेप कर प्रदर्शनकारियों को शांत किया।
थाना प्रभारी पीके सिंह ने 48 घंटे के भीतर आरोपी की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ के आधार पर मुख्य आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
Comments (0)